खगड़िया : परबत्ता के करना ग्राम में भव्य विश्वकर्मा पूजा समारोह का आयोजन, चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत कुमार साह ने किया उद्घाटन

न्यूज स्कैन ब्यूरो। परबत्ता (खगड़िया)

नगर पंचायत परबत्ता अंतर्गत करना ग्राम में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत कुमार साह ने फीता काटकर किया।इस अवसर पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन प्रतिनिधि ने कहा, “करना ग्राम वासियों से मिला स्नेह और अपनत्व मेरे लिए अत्यंत भावुक कर देने वाला है। मैं इस आत्मीयता का सदा आभारी रहूंगा।”उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा निर्माण, परिश्रम और सृजन के देवता हैं, जिनकी कृपा से समाज में उन्नति और खुशहाली आती है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर मेहनत, ईमानदारी और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना चाहिए।इस दौरान उन्होंने बताया कि आगामी दीपावली से पहले नगर पंचायत परबत्ता को और अधिक सुंदर एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में कई योजनाओं पर काम शुरू किया जाएगा, जिसमें प्रमुख स्थानों पर स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे और कंक्रीट बेंच लगाने की योजना शामिल है।पूरे गांव में विश्वकर्मा पूजा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए।इस अवसर पर वार्ड पार्षद पिंटू कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अंजय कुमार, अंबिका शर्मा, पुरुषोत्तम ठाकुर, शैलेंद्र शर्मा, अमृत शर्मा, अभिनन्दन सिंह, गौतम कुमार, मुकेश कुमार, झींगों पंडित, दारा सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।