सांसद राजेश वर्मा बने एलजेपी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष

न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, नई दिल्ली
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद राजेश वर्मा को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने यह जिम्मेदारी सौंपी है। अब राजेश वर्मा पार्टी की आर्थिक व्यवस्था और संसाधनों के प्रबंधन से जुड़े अहम निर्णयों में प्रत्यक्ष भूमिका निभाएंगे।

खगड़िया से एलजेपी (आर) के सांसद राजेश वर्मा ने फेसबुक पोस्ट के जरिए इस नियुक्ति की जानकारी साझा की। उन्होंने चिराग पासवान के प्रति आभार जताते हुए लिखा कि, “मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री आदरणीय चिराग पासवान जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास करते हुए पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया। मैं विश्वास दिलाता हूं कि पूर्ण समर्पण भाव से अपने दायित्व का निर्वहन करूंगा।”

राजनीतिक सफर
राजेश वर्मा वर्तमान में खगड़िया से सांसद हैं। वे पूर्व में भागलपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर भी रह चुके हैं। स्थानीय निकाय से लेकर राष्ट्रीय राजनीति तक उनकी सक्रियता लगातार बनी रही है।

पार्टी में बढ़ा कद
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राजेश वर्मा की यह नियुक्ति एलजेपी (रामविलास) संगठन को मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम है। माना जा रहा है कि चिराग पासवान ने संगठनात्मक संतुलन को ध्यान में रखते हुए यह जिम्मेदारी दी है।