निगरानी विभाग की कार्रवाई, ₹60 हजार रुपए घूस लेते पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल गिरफ्तार


न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
बड़ी खबर कैमूर जिले से आ रही है। यहां पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल को निगरानी विभाग की टीम ने रंगेहाथ घूस लेते गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि प्रिंसिपल 60 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे।

निगरानी विभाग के डीएसपी विप्लव कुमार ने जानकारी दी कि मोहनिया के मछनहट्टा स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अजय कुमार ने कॉलेज में ही पदस्थापित एक प्रोफेसर से मार्च माह से लंबित वेतन निकालने के एवज में ₹60 हजार की रिश्वत की मांग की थी।
इसी शिकायत पर निगरानी थाना कांड संख्या 82/25 दर्ज की गई। सत्यापन में रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने प्रिंसिपल को उनके कार्यालय कक्ष से रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी विप्लव कुमार ने बताया कि उनके नेतृत्व में करीब 10 सदस्यीय टीम बनाई गई थी और आज धावा दल ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।