न्यूज स्कैन ब्यूरो, कटिहार
नगर निगम क्षेत्र के बरबन्ना मुहल्ले में महिला कांग्रेस की ओर से 41वां स्थापना शक्ति संकल्प दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं और एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत केक काटने और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराने से हुई। पूरे माहौल में उत्सव जैसा जोश देखा गया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया और स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर दिया। महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंजुमन कौसर उर्फ अम्रपाली यादव ने कहा कि पार्टी की मजबूती में महिला कार्यकर्ता अहम भूमिका अदा करती है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस संगठन की रीढ़ है और इसमें महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पार्टी को नई दिशा देती है। अम्रपाली यादव ने पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील यादव को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व के मार्गदर्शन में महिला कांग्रेस लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले समय में संगठन को नई ऊंचाई तक ले जाएगी। मौके पर जीवा प्रवीण, खुशी कुमारी, भारती रानी, मुस्कान, खुशबू कुमारी, तोहफा खातून, प्रियंका कुमारी, आरती कुमारी, अजमेरी खातून, सबिया, नूरजहां, काजल कुमारी, शबनम प्रवीन,चांदनी कुमारी सहित सैकड़ो महिलाएं मौजूद रही।