न्यूज स्कैन ब्यूरो, पूर्णिया
पूर्णिया के लोगों का दशकों पुराना सपना अब पूरा होने जा रहा है। इंडिगो एयरलाइंस ने घोषणा की है कि 15 सितंबर से कोलकाता और पूर्णिया के बीच सीधी फ्लाइट सेवा शुरू होगी। हफ्ते में तीन दिन—सोमवार, बुधवार और शुक्रवार—यह उड़ान संचालित की जाएगी।
पूर्णिया एयरपोर्ट के वाणिज्यिक संचालन की यह शुरुआत उड़ान (UDAN) योजना के तहत होगी। यह पहली बार है जब पूर्णिया से नियमित विमान सेवा शुरू की जा रही है। इंडिगो इस एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली पहली एयरलाइन बन गई है। 94वां घरेलू डेस्टिनेशन पूर्णिया इंडिगो का 94वां घरेलू और 137वां कुल डेस्टिनेशन है। इससे पहले एयरलाइन पटना, गया और दरभंगा से सेवा दे रही है। कंपनी का कहना है कि यह कनेक्टिविटी न केवल बिहार बल्कि पूरे पूर्वी भारत के लिए व्यापार, पर्यटन और आर्थिक विकास के नए अवसर खोलेगी।
इंडिगो के हेड ऑफ सेल्स विनय मल्होत्रा ने कहा, “हम बिहार के सीमांचल क्षेत्र को अपनी नेटवर्क से जोड़कर गर्व महसूस कर रहे हैं। पूर्णिया से सीधी उड़ानें न केवल यात्रियों को सुविधा देंगी बल्कि राज्य में उद्योग, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास को भी गति देंगी। हम हवाई यात्रा को सुलभ और किफायती बनाने के अपने वादे पर कायम हैं।” विशेषज्ञों का मानना है कि इस सेवा से सीमांचल और कोसी क्षेत्र को देश के बड़े शहरों से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा। कृषि और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को सीधी मार्केट एक्सेस मिलेगी, वहीं स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा होंगे।
उड़ान का शेड्यूल
कोलकाता से पूर्णिया (फ्लाइट 6E 7924): दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान, 1:40 बजे आगमन
पूर्णिया से कोलकाता (फ्लाइट 6E 7925): दोपहर 2:30 बजे प्रस्थान, 3:40 बजे आगमन
(सभी समय स्थानीय समयानुसार होंगे।)


























