न्यूज स्कैन ब्यूरो। परबत्ता (खगड़िया)
खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत देवरी पंचायत के अररिया गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय कुंदन यादव की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी डब्लू यादव के पुत्र के रूप में हुई है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब कुंदन अपने दोस्त के साथ कवेला पंचायत के खड़गपुरा गांव के पास एक गड्ढे में गाय धोने गया था।जानकारी के अनुसार, गाय धोते समय कुंदन गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख उसका दोस्त बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी डूबने लगा। खेत में काम कर रहे स्थानीय किसान ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को किसी तरह बचा लिया, लेकिन कुंदन पानी में ही समा गया।घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। स्थानीय लोगों की मदद से कुछ देर बाद कुंदन का शव बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर परबत्ता थाना की 112 नंबर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


























