खगड़िया: भूमि विवाद को लेकर परबत्ता के अररिया गांव में मारपीट, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

न्यूज स्कैन ब्यूरो। परबत्ता (खगड़िया)

खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत मड़ैया सहायक थाना क्षेत्र के अररिया गांव में रविवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक घटना में एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान नित्यानंद यादव (60 वर्ष), मुकंद यादव (80 वर्ष) और राज कुमार उर्फ जयनंदन (32 वर्ष, पिता–मुकंद यादव) के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, विवादित भूमि अररिया गांव में स्थित है, जो सलारपुर निवासी एक व्यक्ति के ननिहाल की है। इस भूमि को लेकर मामला पहले से ही न्यायालय में लंबित था। रविवार को दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मामला हिंसा में बदल गया।घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए परबत्ता अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर उन्हें खगड़िया सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मड़ैया सहायक थाना अध्यक्ष रिक्की कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि विवाद लंबे समय से चला आ रहा था, जो रविवार को हिंसक हो उठा।