चुनावी साल में 136 करोड़ की सड़क सौगात: भागलपुर में सड़क परियोजनाओं से व्यापार को मिलेगी रफ्तार


न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

जिले को केंद्र सरकार की ओर से सड़क अवसंरचना विकास की दोहरी सौगात मिली है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय सड़क एवं बुनियादी ढाँचा कोष (CRIF) योजना के तहत बिहार के 8 जिलों की 10 परियोजनाओं को मंज़ूरी दी है, जिनकी कुल लागत 675 करोड़ रुपये होगी। इनमें से केवल भागलपुर जिले के लिए ही 136.70 करोड़ रुपये की दो बड़ी परियोजनाओं की स्वीकृति दी गई है।
इस संबंध में सड़क निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “विकसित बिहार” के संकल्प को पूरा करने की दिशा में यह बड़ा कदम है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से भागलपुर जिले का कायाकल्प होगा।

भागलपुर की दो प्रमुख सड़क योजनाएं

भागलपुर–गोराडीह (कोतवाली होते हुए) मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण (17.14 किमी) – लागत ₹80.00 करोड़
भागलपुर–हंसडीहा मुख्य सड़क (राज्य राजमार्ग-19) को राष्ट्रीय राजमार्ग-80 से जोड़ने हेतु 4.5 किमी सड़क निर्माण – लागत ₹56.70 करोड़

क्या होगा लाभ?

  • चौड़ी और मजबूत सड़कों से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी।
  • व्यापारिक गतिविधियों व औद्योगिक इकाइयों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
  • गोराडीह और आसपास के इलाकों के किसान आसानी से फसल बाज़ार तक पहुँचा पाएंगे, जिससे आय में वृद्धि होगी।
  • हंसडीहा–भागलपुर मार्ग के राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने से राज्य और अंतर्राज्यीय यातायात तेज़ होगा, यात्रियों का समय बचेगा और सड़क सुरक्षा में सुधार होगा।

मंत्री नितिन नवीन का बयान

मंत्री नितिन नवीन ने कहा –”भागलपुर जिले की ये दोनों परियोजनाएँ पूरे इलाके की आर्थिक उन्नति, व्यापार विस्तार और सामाजिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। आने वाले समय में भागलपुर न केवल बिहार बल्कि पूरे पूर्वी भारत में व्यापार और शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि ये योजनाएँ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के उस विज़न को साकार करेंगी, जिसके तहत राज्य के किसी भी कोने से चार घंटे में राजधानी पटना पहुँचना संभव हो।

2 साल में होगा काम पूरा

राज्य सरकार ने घोषणा की है कि अगले दो वर्षों के भीतर ये दोनों सड़क परियोजनाएँ पूरी कर ली जाएँगी। इसके लिए विभाग को जल्द निविदा निकालने का आदेश भी जारी कर दिया गया है।