- सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कैमूर में मतदाता सूची पुनर्निरीक्षण को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस
न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में कैमूर जिले में मतदाता सूची पुनर्निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी संदर्भ में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कैमूर के सचिव सुमन सौरव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की और विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची पुनर्निरीक्षण के दौरान यदि किसी नागरिक को नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या किसी प्रकार की त्रुटि सुधार से संबंधित कोई समस्या आती है, तो उनकी सहायता के लिए प्रत्येक प्रखंड में पारा विधिक स्वयंसेवक (PLV) नियुक्त किए गए हैं।
सचिव सुमन सौरव ने कहा कि नागरिक PLV की मदद से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और आसानी से अपने नाम को मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं या त्रुटियों का सुधार करा सकते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और सभी को समय पर सहयोग मिले।
उन्होंने आगे कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हमेशा आमजन को नि:शुल्क विधिक सहायता प्रदान करने के लिए संकल्पित है। मतदाता सूची पुनर्निरीक्षण जैसी महत्त्वपूर्ण प्रक्रिया में नागरिकों को जागरूक और समर्थ बनाना भी प्राधिकरण की प्राथमिकता है।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की कि वे सक्रिय होकर इस प्रक्रिया में भाग लें और अपने मताधिकार को सुनिश्चित करें।

































