न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपनी राजनीतिक रणनीति को सुदृढ़ करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला मुख्यालय पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें एनडीए के सभी घटक दलों के जिलाध्यक्ष और प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई कि 8 सितंबर को भागलपुर जिले के पिरपैंती में एनडीए विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में एनडीए के पांचों घटक दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पिछले दो दशकों के कार्यों और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुँचाना और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को संगठित करना है। पदाधिकारियों ने बताया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और अन्य विकासात्मक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह सम्मेलन केवल कार्यकर्ताओं का जुटान नहीं है, बल्कि यह जनता तक एनडीए की नीतियों और योजनाओं को पहुँचाने का एक बड़ा अभियान है। सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रचार करेंगे ताकि आम लोग यह समझ सकें कि बिहार में विकास और स्थिरता केवल एनडीए सरकार के माध्यम से ही संभव है।
प्रेस वार्ता में समाजसेवी विजय यादव, लोक जनशक्ति पार्टी (रा.) के अमर कुशवाहा सहित विभिन्न दलों के कई नेता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने दावा किया कि पिरपैंती में होने वाला यह सम्मेलन एनडीए के लिए ऐतिहासिक साबित होगा और आगामी चुनाव की दिशा तय करेगा।