बिहपुर में एनडीए का आक्रोश मार्च और पुतला दहन कल

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, बिहपुर

बिहपुर में रविवार को एनडीए की ओर से आक्रोश मार्च का आयोजन किया जा रहा है। यह मार्च और पुतला दहन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्व. मां के प्रति अपमानजनक टिप्पणी के प्रकरण के विरोध में किया जा रहा है। एनडीए महिला विंग बिहपुर ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के पुतले दहन की योजना बनाई है।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि आक्रोश मार्च का नेतृत्व बिहपुर विधानसभा के भाजपा विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के सचेतक ई. शैलेंद्र करेंगे। बिहपुर विधानसभा समन्वयक दिनेश यादव और भाजपा बीएलए वन ई. कुमार गौरव ने कहा कि पुतला दहन से पूर्व, शाम 4 बजे बिहपुर एनडीए कार्यालय से बिहपुर बाजार तक काली पट्टी बांधकर आक्रोश मार्च निकाला जाएगा।

मार्च और पुतला दहन में जिले के कई कार्यकर्ता और भाजपा समर्थक शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से एनडीए नेताओं ने अपनी नाराजगी व्यक्त की है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।