अल करीम विश्वविद्यालय के प्रशासनिक खंड का हुआ उद्घाटन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कटिहार

कटिहार स्थित अल करीम विश्वविद्यालय के नवनिर्मित प्रशासनिक खंड का उद्घाटन शुक्रवार को विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. अहमद अशफाक करीम ने किया।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस प्रशासनिक खंड में कुलाधिपति, कुलपति, कार्यपालक निदेशक, कुलसचिव, सीएफएओ एवं आईटी निदेशक के कार्यालय के साथ-साथ मानव संसाधन शाखा, छात्र शाखा, लेखा शाखा और कॉन्फ्रेंस रूम बनाए गए हैं। आगंतुकों के लिए स्वागत डेस्क और पैंट्री की भी व्यवस्था की गई है।

उद्घाटन समारोह में कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय के विकास में योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मियों को धन्यवाद और बधाई दी। उन्होंने कहा कि मौजूदा पाठ्यक्रमों के अलावा विश्वविद्यालय में जल्द ही डेंटल लॉ और बी.एड. जैसे नए कोर्स भी शुरू किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि कटिहार मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सीटें 150 से बढ़ाकर 200 करने के लिए एनएमसी का निरीक्षण पूरा हो चुका है। साथ ही एनएबीएच और नैक मान्यता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी जारी है।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. सैय्यद मोईद अहमद, उपकुलपति प्रो. मोहम्मद सरवर आलम, कार्यपालक निदेशक अहमद अली करीम, कुलसचिव वजैन उद्दीन अंसारी, सीएफएओ तनवीर अहमद, परीक्षा नियंत्रक विजय कुमार, विश्वविद्यालय के सभी डीन, और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.बी. गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।