कटिहार: रानी घाट में भेड़िए का हमला, एक दर्जन से अधिक लोग घायल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कटिहार

जिले के वार्ड संख्या 40 स्थित रानी घाट इलाके में शुक्रवार की रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां अचानक एक भेड़िया घुस आया और देखते ही देखते पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, भेड़िए ने सबसे पहले कुत्तों पर हमला किया और उसके बाद इंसानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। इस दौरान एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें एक बुजुर्ग महिला भी गंभीर रूप से जख्मी बताई जा रही हैं। शोर मचाने और मशाल दिखाने के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह भेड़िए को भगाया, लेकिन तब तक कई लोग उसकी चपेट में आ चुके थे।

घटना के बाद से पूरा इलाका दहशत के साए में है। लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोगों में भारी चिंता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक न तो वन विभाग और न ही प्रशासन को इसकी आधिकारिक सूचना दी गई है। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत कार्रवाई करे और भेड़िए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम मौके पर भेजी जाए। जब तक भेड़िया पकड़ा नहीं जाता, तब तक इलाके में डर और दहशत का माहौल बना रहेगा।