भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा सख्त, भीमनगर चेकपोस्ट पर भारत-नेपाल अधिकारियों की बैठक

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) वीरपुर के तत्वावधान में भारत-नेपाल भीमनगर चेकपोस्ट पर समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में 45वीं वाहिनी एसएसबी और नेपाल एपीएफ (आर्म्ड पुलिस फोर्स) के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करना, सीमा क्षेत्र में हो रही अवैध गतिविधियों की रोकथाम, तथा दोनों देशों के बीच सूचना आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ाना था।

बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इसमें एसएसबी की ओर से 45वीं वाहिनी वीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह और द्वितीय कमान अधिकारी जेके शर्मा ने प्रतिनिधित्व किया। वहीं नेपाल एपीएफ की ओर से 4 और 6 नंबर बटालियन के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आपसी तालमेल और नियमित सूचना साझा करने पर सहमति जताई।