घुड़सवारी सिखाते हुए वायरल हुए अनंत सिंह, ‘छोटे सरकार’ का नया अंदाज़

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार की सियासत में ‘बाहुबली’ छवि रखने वाले मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह इन दिनों फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वे अपने बेटे को घुड़सवारी सिखाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में बेटा घोड़े पर बैठा है और अनंत सिंह कार से उसके साथ चलते दिख रहे हैं। बैकग्राउंड में गाना बज रहा है… “लेकर बाघ का करेजा…”।

लगाव घोड़ों और लग्ज़री कारों से
अनंत सिंह का घोड़ों और गाड़ियों से लगाव किसी से छिपा नहीं है। वे पहले भी विधानसभा तक घोड़ा-बग्गी से पहुंच चुके हैं। अपने आवास पर भी वे कई किस्म के महंगे घोड़े पालते हैं। कुछ दिनों पूर्व मंत्री अशोक चौधरी उनसे मिलने पहुंचे तो उन्हें भी अपने घोड़े दिखाए थे। कुछ दिनों पूर्व अपने जन्मदिन पर उन्होंने लगभग 2.5–3 करोड़ रुपये की कीमत वाली लैंड क्रूजर ZX खरीदी थी।

राजनीतिक सफर
‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर अनंत सिंह ने 2005 में जेडीयू के टिकट पर मोकामा से चुनाव जीता था। इसके बाद 2010 में भी जेडीयू प्रत्याशी के रूप में जीते और 2015 में निर्दलीय उम्मीदवार बनकर विधानसभा पहुंचे। 2020 में जेल में रहते हुए उन्होंने राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। उनका राजनीतिक करियर विवादों से भी अछूता नहीं रहा। घर से एके-47 बरामद होने के मामले में 21 जून 2022 को पटना एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें 10 साल की सजा सुनाई थी। इस फैसले के बाद उनकी विधायकी खत्म हो गई। इसके बाद हुए मोकामा उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने जीत हासिल की और सीट अपने पास रखी।