भागलपुर में जिला पशु क्रूरता निवारण सोसाइटी की बैठक, कांजी हाउस निर्माण का प्रस्ताव

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला पशु क्रूरता निवारण सोसाइटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अंजली कुमारी सिन्हा ने स्वागत भाषण से की।

बैठक में डॉ. संतोष कुमार (प्रभारी सहायक कुक्कुट पदाधिकारी) ने जिले में पशु क्रूरता में पकड़ाए गए पशुओं के रखरखाव के लिए कांजी हाउस निर्माण का प्रस्ताव रखा। वहीं, पुलिस उपाधीक्षक (नवगछिया और भागलपुर सदर) ने पशु क्रूरता नियमावली उपलब्ध कराने और कार्यकारिणी सदस्यों के मोबाइल नंबर साझा करने की मांग रखी, जिसे जिला पशुपालन कार्यालय ने उपलब्ध कराने की बात कही।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले में पशु क्रूरता से संबंधित नियम-कानून की जानकारी के लिए कार्यशाला आयोजित की जाएगी। उप विकास आयुक्त ने इसके आयोजन का आश्वासन दिया।

बैठक में पशुपालन विभाग के डॉ. अमीन अंसारी, डॉ. गोपाल कृष्ण कन्हैया, अनिल कुमार साह, अनिमेष चन्द्र और दीपक कुमार सहित सोसाइटी के सदस्य वेद व्यास, अमित कुमार, गौतम कुमार तथा वन प्रमंडल भागलपुर के पदाधिकारी मौजूद थे।