लावारिश बच्ची को बजरंग दल ने थाने के हवाले किया

न्यूज स्कैन ब्यूरो, अररिया
फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर दस वर्षीय एक लावारिश बच्ची प्लेटफार्म संख्या एक पर भटकती मिली। बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई थी और काफी रो रही थी। आसपास मौजूद लोगों ने बच्ची के बारे में सूचना बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक मनोज सोनी को दी।

मनोज सोनी तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्ची को अपने कब्जे में लिया। स्टेशन पर मौजूद आनंद भगत नामक व्यक्ति ने बच्ची को भोजन कराया। इसके बाद मनोज सोनी बच्ची को लेकर फारबिसगंज थाने पहुंचे और थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह को सुपुर्द किया।

मनोज सोनी ने बताया कि कुछ लोग बच्ची को अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए बच्ची की सुरक्षा सुनिश्चित की। बच्ची का फुटेज रानीगंज समेत कई जगह भेजकर परिजनों तक पहुँचने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल बच्ची फारबिसगंज नगर थाने के संरक्षण में है और थाने ने रानीगंज थाना को परिजनों को सूचित करने के लिए संपर्क किया है।