विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का डीएम ने किया निरीक्षण

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला निरीक्षण समिति के द्वारा जिलान्तर्गत बाल देख-रेख संस्थानों का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में सर्वप्रथम जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा संचालित विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी द्वारा विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान में आवासित बच्चों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई तथा संस्थान में आवासित बच्ची तान्या कुमारी को झारखंड निवासी रुपश्री सिंह एवं प्रमोद कुमार सिंह (पति-पत्नी) को दत्तकग्रहण पूर्व पालन-पोषण देख-रेख हेतु सुपुर्द किया गया।

जिला निरीक्षण समिति द्वारा विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान की स्वच्छता एवं इसके सुचारु रुप से संचालन में संतुष्टि व्यक्त की गई, तत्पश्चात जिला निरीक्षण समिति द्वारा चैनसिंहपट्टी स्थित वृहद आश्रय गृह, सुपौल अंतर्गत बाल गृह (बालक) यूनिट-1 एवं यूनिट-2 का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में इन गृहों के भोजनालय, शौचालय, शयन कक्ष, मनोरंजन कक्ष, चिकित्सीय कक्ष एवं कार्यालय का विधिवत निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी महोदय द्वारा आवासित बच्चों से बात कर उनकी स्थिति का जायजा लिया गया। बाल गृह (बालक) यूनिट-01 के बच्चों के द्वारा जिलाधिकारी को हाथ से बनाई गई पेन्टिंग उपहार में दिया गया साथ ही यूनिट-02 के बच्चों के द्वारा भी हाथ से बने हुए गुलदस्ता को उपहार स्वरुप दिया गया। जिलाधिकारी के द्वारा सभी बच्चों को समय पर भोजन, उपचार की समुचित व्यवस्था की बच्चों को पढ़ाई की व्यवस्था को देख प्रसन्नता व्यक्त की गई। उक्त निरीक्षण में सिविल सर्जन प्रतिनिधि, सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, सुपौल, अध्यक्ष / सदस्य, बाल कल्याण समिति, सचिव, रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, बाल संरक्षण पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई तथा अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।