राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा पूर्णिया पहुँची, बुलेट की सवारी बनी आकर्षण

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पूर्णिया
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा आज पूर्णिया पहुँची।

इस दौरान दोनों नेता आम जनता से संवाद करते नज़र आए। यात्रा के बीच एक खास दृश्य ने सभी का ध्यान खींचा—राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर लोगों का अभिवादन करते दिखे। स्थानीय समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह फूल-मालाओं और नारों के साथ नेताओं का स्वागत किया।

इस यात्रा का मकसद है मतदाता अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संदेश जनता तक पहुँचाना।

राहुल गांधी ने कहा कि “भारत के हर नागरिक का वोट उसकी सबसे बड़ी ताक़त है। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब हर वोट की कद्र होगी।”

तेजस्वी यादव ने भी केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “जनता के हक़ और आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता।”

पूर्णिया शहर में इस यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सड़क किनारे खड़े लोगों ने नेताओं का स्वागत किया और सेल्फी लेने की होड़ मच गई। बुलेट पर राहुल और तेजस्वी की सवारी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।