वोटर अधिकार यात्रा कल पहुंचेगी नवगछिया, प्रशासन बोला– “लिखित अनुमति नहीं, कार्यक्रम हुआ तो होगी एफआईआर”, आखिरकार सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, नवगछिया

कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा के तहत 22 अगस्त को राहुल गांधी नवगछिया पहुंचेंगे। उनके साथ बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और महागठबंधन के तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के मुताबिक सभी नेता नवगछिया के कचहरी मैदान में रात्रि विश्राम करेंगे।

लेकिन इससे पहले ही प्रशासन और महागठबंधन आमने-सामने खड़े हो गए हैं। अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया एवं एसपी ने साफ कह दिया है कि इस कार्यक्रम को लिखित अनुमति नहीं मिलेगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कचहरी मैदान में बिना अनुमति सभा या रात्रि विश्राम किया गया तो आयोजकों पर मुकदमा दर्ज होगा। जिसके बाद कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि मुकदमा दर्ज करना है तो कीजिए जेल भेज दीजिए लेकिन कार्यक्रम तय स्थान पर ही होगा। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी और एसपी के द्वारा कवरेज कर रहे पत्रकारों को भी हड़काया।

अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए है। क्योंकि कचहरी मैदान चारों तरफ से खुला है, ऐसे में महागठबंधन नेताओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी होगी?

दूसरी ओर, कांग्रेस और महागठबंधन के कार्यकर्ता पूरी तैयारी में जुटे हैं और कहते हैं कि चाहे अनुमति मिले या न मिले, राहुल गांधी का कार्यक्रम हर हाल में सफल होगा।

अब सबकी निगाहें 22 अगस्त पर टिकी हैं, जब एक तरफ राहुल गांधी का काफिला नवगछिया पहुंचेगा और दूसरी तरफ प्रशासनिक सख्ती अपने चरम पर होगी।