न्यूज स्कैन ब्यूरो। गोगरी(खगड़िया)
गोगरी अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत पौरा थाना के लौंगा घाट पर मूर्ति विसर्जन कर दौरान गहरे पानी में जाने से एक युवक लापता हो गया। हालांकि समाचार प्रेषण तक काफ़ी खोजबीन के बाद भी उक्त युवक बरामद नहीं हो सका है। लापता युवक भागलपुर जिला के थाना बिहपुर के अर्सण्डी गाँव निवासी राम कृष्ण कुमार बताया जा रहा है। घटना की जानकारी होते ही पौरा मुखिया प्रतिनिधि सुशील बिहारी सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया की लौंगा गांव में जन्माष्टमी के अवसर पर मूर्ति बैठाया गया था। भव्य रूप से पूजा पाठ किया गया। इसी पूजा में भागलपुर से रामकृष्ण अपने ननिहाल आया था। उनके मामा बलतारा पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य भी हैं। मंगलवार को मूर्ति विसर्जन करने सभी लोग लौंगा घाट गए जहाँ से उक्त युवक लापता होगया। प्रत्यक्ष दर्शी के अनुसार उक्त युवक पानी में उतरा था और लापता हो गया। मुखिया प्रतिनिधि ने कहा की इसकी जानकारी अंचलधिकारी को दी गयी। एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है. खोजबीन जारी है। वहीं इस मामले में अंचलधिकारी दीपक कुमार ने कहा की युवक की बरामदगी के बाद ही अग्रत्तर कार्यवाही की जा सकेगी।


























