न्यूज स्कैन ब्यूरो,जमुई
प्यार की कहानियां अक्सर सुनने को मिलती हैं, लेकिन जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के सबलबीघा गांव से आई यह घटना वाकई अनोखी है। यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका से शादी करने से पहले मंदिर में उसे सवालों की झड़ी लगाकर उसकी सहमति सुनिश्चित की और फिर परंपरागत रीति से शादी कर ली।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान सोनू कुमार (23 वर्ष), पिता लाल बहादुर चौधरी और युवती की पहचान पिंकी कुमारी (21 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और पिछले दो सालों से एक-दूसरे से प्रेम करते थे।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंदिर में शादी से ठीक पहले सोनू अपनी प्रेमिका पिंकी से सवाल करता है –
“क्या अपनी मर्जी से आई हो?”
“कोई जोर-जबरदस्ती तो नहीं है?”
“शादी के बाद घर छोड़कर तो नहीं जाओगी?”
“अगर घरवाले विरोध करेंगे तो क्या करोगी?”
हर सवाल पर युवती ने मुस्कुराते हुए ‘हां’ में जवाब दिया और साफ कर दिया कि वह अपनी मर्जी से शादी कर रही है। इसके बाद युवक ने उसे फूलों की माला पहनाई, मांग में सिंदूर भरा और मंगलसूत्र पहनाकर शादी की रस्म पूरी की।
यह शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। लोग इसे “अनोखी शादी” बता रहे हैं और खासकर शादी से पहले पूछे गए सवालों को लेकर जमुई और आसपास के इलाके में खूब चर्चा हो रही है।

































