भागलपुर: विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने कहा-गला दबाकर पति ने कर दी हत्या, बेटी को करता था प्रताड़ित

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

भागलपुर के पीरपैंती थाना क्षेत्र के कुजबन्ना गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान आंचल कुमारी (20) के रूप में हुई है। आंचल की शादी जयकांत दास उर्फ अनिल दास से एक साल पहले हुई थी।

मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं और नाक से खून बह रहा था। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पहले आंचल की पिटाई की गई और फिर हत्या कर शव को कमरे में रखा गया। मृतका के पिता राजेंद्र दास ने दामाद, समधी और समधन पर हत्या का आरोप लगाया है।

मायके पक्ष से सूचना मिलने पर पीरपैंती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

घटना के बाद मृतका के पिता के बयान पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने पति जयकांत दास, सास यशोदा देवी और ससुर कोपल दास के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। पति और सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

मृतका की मां फूलो देवी (धोरेया, बांका जिला) ने बताया कि उनकी बेटी की शादी हिन्दू रीति-रिवाज से पिछले साल कुजबन्ना गांव के कोपल दास के बेटे जयकांत दास से हुई थी। शादी में एक लाख रुपए दहेज दिया गया था। शादी के छह महीने बाद से पति और ससुराल वाले दहेज की और मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर पिछले पांच माह से आंचल शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना झेल रही थी। फूलो देवी ने कहा कि दामाद कई बार बेटी को मारपीट करता था और बेटी ने कई बार उन्हें फोन करके इसकी जानकारी दी थी।

पीरपैंती थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि घटना के बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई और मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, मृतका के परिजन की ओर से लिखित आवेदन पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है।


“मेरी बेटी की हत्या की गई है। मैं चाहता हूँ कि दोषियों को सजा मिले।” – राजेंद्र दास, मृतका के पिता