- प्रशांत किशोर ने SIR को लेकर चुनाव आयोग पर फिर किया हमला, बोले- NDA के साथ मिलकर चुनाव आयोग चाहे जितना नाम काट दे, बिहार की जनता नवंबर में इन लोगों को हटा देगी
- भोजपुरी सिंगर भरत शर्मा के जन सुराज में शामिल होने पर पीके बोले- जिसे भी बिहार को सुधारने की अपेक्षा है, वो जन सुराज से जुड़ेगा ही
न्यूज स्कैन ब्यूरो, बक्सर
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में बक्सर के डुमरांव में बिहार बदलाव जनसभा करने पहुंचे। जनसभा के बाद उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बिहार में अब सभी जाति-धर्म के लोग बदलाव चाहते हैं। लोग अब अपने बच्चों के लिए शिक्षा और रोजगार चाहते हैं। बिहार की जनता अब लालू, नीतीश और मोदी से छुटकारा चाहती है।
प्रशांत किशोर ने एक सवाल के जवाब में फिर से चुनाव आयोग को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा और सत्ताधारी पार्टियां गरीब, प्रवासी बिहारियों का नाम वोटर लिस्ट से काटने की साजिश कर रही हैं। वो जानते हैं कि आनेवाले चुनावों यह लोग उनके खिलाफ वोट डालने वाले हैं। लेकिन सरकार और चुनाव आयोग चाहे जितने भी नाम काट दें, जो बच जायेंगे, वही लोग इन्हें हराने के लिए काफी हैं। इस साल नवंबर में भाजपा और नीतीश सरकार का बिहार से जाना तय है।
वहीं आज डुमरांव की सभा के दौरान भोजपुरी के चर्चित लोकगायक भरत शर्मा ‘व्यास’ के जन सुराज पार्टी में शामिल होने पर प्रशांत किशोर ने उनका स्वागत किया। उन्होंने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि जो लोग बिहार में बदलाव लाना चाहते हैं, बिहार को विकसित होता देखना चाहते हैं, वो जन सुराज से ही जुड़ेंगे।

































