न्यूज स्कैन ब्यूरो (गोगरी), खगड़िया)
बिहार के खगड़िया जिले में एक दुल्हा शादी करने 30 बारातियों के साथ ससुराल पहुंचा। दो नाव पर सवार लोग जब लड़की के घर पहुंचे तो उसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। अब लोग इसे अनूठी शादी कह रहे हैं। दरअसल, खगड़िया के गोगरी प्रखंड के बोराना गांव में तजम्मुल के बेटे मोहम्मद जफर की शादी बेलदौर प्रखंड के दिघोन गांव की जुली प्रवीन से तय हुई थी। जिसके बाद गंगा नदी में आई उफान के बाद गांव का संपर्क सड़क से टूट गया। दूल्हे के पिता ने बताया कि बेटे की शादी की तारीख पहले से तय थी। जिसे बदलना संभव नहीं था। इसलिए बारात और दूल्हे को नाव से भेजा गया। पिता ने बताया कि शादी बीते रविवार को संपन्न हुई है।
अनोखी शादी और बारात का वीडियो वायरल
बाढ़ के बीच इस अनोखी शादी की चर्चा खूब हो रही है। बारात के वीडियो पर लोग तरह तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बता दें कि बोराना गांव के वार्ड 7 में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव का सड़क संपर्क टूट गया है। रविवार को हुई इस अनोखी शादी को देखने पानी किनारे काफी संख्या में लोग जुटे थे। वहीं शादी के बाद दुल्हन को भी नाव से ही विदा करके बौरना गांव लाया गया। गौरतलब है कि रविवार को दूल्हा पारंपरिक पोशाक में नाव पर सवार होकर निकला। उनके साथ दो अलग-अलग नावों में दर्जनों रिश्तेदार और मेहमान थे।


























