- बीएससी नर्सिंग छात्र राहुल हत्याकांड का विरोध, हत्यारे को फांसी देने की मांग
न्यूज स्कैन ब्यूरो, निर्मली ( सुपौल)
डीएमसीएच दरभंगा में बीएससी नर्सिंग के छात्र राहुल कुमार मंडल की गोली मारकर हत्या के विरोध में निर्मली में राजद कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने दोषी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा-ए-मौत (फांसी) देने की मांग की। कैंडल मार्च नगर के सुभाष चौक से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए संपन्न हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने न्याय दिलाने के नारे लगाए।
मालूम हो कि राहुल कुमार मंडल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के तुलापट्टी निवासी गणेश मंडल का इकलौता पुत्र था। उसकी हत्या उसके ससुर प्रेम शंकर झा ने कर दी थी। मृतक की पत्नी तनु प्रिया ने भी अपने पिता को हत्या का दोषी ठहराते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तनु प्रिया का कहना था कि उसने लव मैरिज की थी। परिवार वाले शादी का विरोध कर रहे थे। कैंडल मार्च में राजद नेता रामनाथ मंडल , महेश्वर कामत, राजेंद्र कामत सहित अन्य लोग शामिल थे।



























