बिहार सरकार ने शुरू किया ‘उत्तराधिकार नामांतरण’ अभियान, 16 अगस्त से 20 सितंबर तक चलेगा विशेष शिविर

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने ‘उत्तराधिकार नामांतरण’ (Inheritance Mutation) के लिए राज्यभर में विशेष अभियान शुरू करने की घोषणा की है। यह अभियान 16 अगस्त से 20 सितंबर तक चलेगा, जिसके तहत जमाबंदी रैयत की मृत्यु के बाद उनके उत्तराधिकारियों के नाम पर जमाबंदी दर्ज कराने की सुविधा दी जाएगी।
विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान लोग सबसे पहले अपनी जमाबंदी में सभी खाता, खेसरा और रकबा से जुड़े सही विवरण का परिमार्जन करा सकेंगे। इसके बाद राजस्व कर्मियों द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रपत्र में आवश्यक विवरण भरकर, मृतक के मृत्यु प्रमाण पत्र और वंशावली के साथ विशेष शिविर में आवेदन करना होगा।
इस पहल का उद्देश्य आम लोगों को जमाबंदी से जुड़े कागजों में सुधार और नामांतरण की प्रक्रिया को आसान बनाना है। राजस्व विभाग की टीम गांव-गांव जाकर यह सेवा प्रदान करेगी, जिससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
अधिक जानकारी और सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1800-345-6215 पर संपर्क किया जा सकता है।