न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के किशनपुर प्रखंड अंतर्गत दुबियाही पंचायत वार्ड 7 बेला गोठ में कोसी नदी के तेज कटाव से दहशत का माहौल है। पिछले 15 दिनों से जारी कटाव में अब तक 20–25 घर नदी में समा चुके हैं। हालात का जायजा लेने पहुंचे युवा राजद जिलाध्यक्ष अनोज आर्य उर्फ लव यादव ने पीड़ितों से मुलाकात कर समस्याओं को सुना और भरोसा दिलाया कि वे जिलाधिकारी से मिलकर राहत, बचाव और भोजन-पशुचारे की तत्काल व्यवस्था की मांग करेंगे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन अब तक मौके पर नहीं पहुंचा है और विस्थापित परिवारों के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं हुई है। लव यादव ने बताया कि हर साल कोसी के तटबंध के भीतर बसे लाखों लोग प्रभावित होते हैं और कटाव निरोधी कार्यों, मुआवजा और राहत योजनाओं में करोड़ों की लूट होती है, जिस पर कोई निगरानी नहीं है। उन्होंने डीएम से स्थलीय निरीक्षण और प्रभावितों को त्वरित मदद की मांग की है।
इस मौके पर सदर प्रखंड अध्यक्ष विनोद यादव, बिद्यानंद कुमार, राजेश कुमार, परमेश्वरी पासवान, रूपेश शर्मा, मो. यूनुस, छोटू कुमार, पंकज यादव, मो. असफाक समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
































