न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शनिवार को नगर निगम क्षेत्र के बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने क्रमशः टीएनबी कॉलेजिएट और सीटीएस चर्च मैदान स्थित शिविरों में आवास, भोजन, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, मानव एवं पशु चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजन कर रहे लोगों से भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया, जिस पर लोगों ने संतोष व्यक्त किया। टीएनबी कॉलेजिएट शिविर में उन्होंने बच्चों से हाल-चाल जाना और उन्हें पढ़ाई एवं खेलकूद के लिए प्रोत्साहित किया।
सीटीएस चर्च मैदान के स्वास्थ्य शिविर में 108 लोगों की जांच हो चुकी थी। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों से बातचीत कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने रसोइयों को कम तेल-मसाले के प्रयोग की सलाह दी ताकि स्वास्थ्य पर कोई असर न पड़े।
इस मौके पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन कुंदन कुमार, सदर एसडीओ विकास कुमार, नगर निगम के उप नगर आयुक्त, वरीय उप समाहर्ता अंकिता कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
































