निशिकांत दुबे, मनोज तिवारी समेत छह पर केस दर्ज, सांसद बोले-थाने मे दूंगा गिरफ्तारी

  • श्रावणी मेले में रोक के बाद भी निकास द्वार से प्रवेश करने का आरोप
  • पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पूर्व महामंत्री कार्तिक ठाकुर ने दर्ज कराई प्राथमिकी


न्यूज स्कैन ब्यूरो, देवघर

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, मनोज तिवारी समेत छह लोगों पर बाबा मंदिर थाने में केस दर्ज कराया गया है। दोनों सांसद व उनके लोगों पर आरोप है कि श्रावणी मेले के दौरान 2 अगस्त को अपने लोगों के साथ बैद्यनाथ मंदिर के निकास द्वार से पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए भीतर प्रवेश कर गए। जबकि श्रावणी मेले में वीआईपी, वीवीआईपी और आउट ऑफ टर्न दर्शन पर रोक है। यह मामला पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पूर्व महामंत्री कार्तिक नाथ ठाकुर ने दर्ज कराया है। मामले में सांसद निशिकांत दुबे, सांसद मनोज तिवारी, निशिकांत दुबे के पुत्र, शेषाद्री दुबे, मनोज तिवारी के सचिव और अभयानंद झा को आरोपी बनाया गया है। कार्तिक नाथ ठाकुर का कहना है कि 2 अगस्त की रात करीब पौने नौ बजे जब बाबा बैद्यनाथ मंदिर में कतारबद्ध सभी श्रद्धालुओं के जलार्पण के के बाद अरघा हटा और स्थानीय तीर्थ पुरोहित के पूजा के बाद परंपरागत बाबा बैद्यनाथ की सांय कालीन कांचा जल पूजा हो रही थी।

इसी दौरान गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, मनोज तिवारी व अन्य मंदिर में प्रवेश कर गए। जबकि पुरोहित उन्हें मना किया कि अब बाबा बैद्यनाथ को कांचाजल चढ़ चुका है, गर्भगृह में प्रवेश न करे। लेकिन स्थानीय सांसद एवं अभयानन्द झा ने मनोज तिवारी एवं उनके उनके सचिव को जबरन गर्भगृह के भीतर प्रवेश करा दिया। कांचा जल पूजा में गर्भगृह में प्रवेश किये जाने के कारण पूजा बाधित एवं खंडित हुई और हमारी आस्था पर चोट पहुंची है। उधर, निशिकांत दुबे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि शनिवार सुबह में देवघर आ रहा हूं और सीधे थाने जाऊंगा। झारखंड सरकार ने अभी तक मुझपर 51 केस दर्ज किए हैं। पूजा करने पर भी केस किया गया है, जिसमें देवघर पहुंच कर गिरफ्तारी दूंगा। बता दें कि सांसद मनोज तिवारी कांवर लेकर सुल्तानगंज से देवघर पैदल आए थे। इसी दौरान गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे उनके साथ मंदिर गए थे।