न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
हर साल की तरह इस बार भी बाढ़ से विस्थापित हुए सैकड़ों परिवारों ने भागलपुर हवाई अड्डा परिसर को अपना आश्रय स्थल बनाया था। लेकिन राष्ट्रपति के संभावित दौरे की तैयारियों के मद्देनज़र प्रशासन ने इन पीड़ितों को हवाई अड्डे से हटाने का आदेश दिया।
इस फैसले से नाराज बाढ़ पीड़ितों ने गुरुवार को तिलकामांझी मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क पर उतरकर लोगों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की।
बाढ़ पीड़ितों का आरोप
“हर साल बाढ़ आती है, हम हवाई अड्डे पर ही पनाह लेते हैं। इस बार भी वही किया। लेकिन अब हमें अचानक हटाया जा रहा है। हम जाएं तो जाएं कहां?” सड़क जाम के कारण घंटों तक ट्रैफिक प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई, लेकिन बाढ़ पीड़ितों का ग़ुस्सा कम होता नहीं दिखा।