न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, बिहपुर
राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने बहुजन चेतना केन्द्र, बिहपुर में आयोजित “अतिपिछड़ा सम्मेलन सह कार्यकर्ता संवाद” को संबोधित करते हुए बिहार की मौजूदा भाजपा-जदयू सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “यह सरकार केवल दलित, अल्पसंख्यक और अतिपिछड़ा वर्ग को छलने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब सिर्फ एक मुखौटा बन चुके हैं, असली सत्ता तो ढाई लोग चला रहे हैं।”
सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर बदलाव का संकल्प लिया। श्री मंडल ने बिहपुर विधानसभा के राजद नेता गौतम कुमार प्रीतम को संघर्षशील और सुलझा हुआ युवा बताते हुए कहा कि “ऐसे नेताओं को आगे लाना आज की ज़रूरत है।” उन्होंने यह भी बताया कि प्रसिद्ध गांधीवादी तुषार गांधी और किसान नेता डॉ. सुनीलम ने भी प्रीतम की प्रशंसा की है।
सम्मेलन का संचालन करते हुए संयोजक गौतम कुमार प्रीतम ने कहा कि “बिहपुर की जनता को लंबे समय से ठगा गया है। अब वक्त है बदलाव का। हम मिलकर उन्नत और बेहतर बिहपुर बनाएंगे।”
राजद के पूर्व सांसद डॉ. अनिल सहनी, प्रदेश महासचिव मदन शर्मा, सरदार अशोक महतो और जिलाध्यक्ष अलखनिरंजन पासवान सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने मंच से सरकार की “जनविरोधी नीतियों” की तीखी आलोचना की।
इस मौके पर ज़िला परिषद सदस्य मोईन राईन ने राजद की सदस्यता ग्रहण की। उनका स्वागत प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने माला पहनाकर किया।
अन्य प्रमुख उपस्थिति में डॉ. संजय रजक, संजय मंडल, कपिलदेव मंडल, महेश फौजी, महमूद गजनवी, नसीब रविदास, विनोद सिंह निषाद, रवींद्र सिंह सहित दर्जनों गणमान्य लोग शामिल थे।