न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, बिहपुर (नवगछिया)
नवगछिया बॉल बैडमिंटन संघ ने गुरुवार को अपनी 14वीं स्थापना वर्षगांठ बड़े ही धूमधाम से मनाई। यह आयोजन बिहपुर के रेलवे इंजीनियरिंग दुर्गा स्थान मैदान में हुआ, जहां बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस मौके पर राज्य प्रवक्ता सह नवगछिया पुलिस जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव ज्ञानदेव कुमार ने खिलाड़ियों के साथ मिलकर केक काटा और नवगछिया संघ की 14 वर्षों की उपलब्धियों को साझा किया।
सचिव ज्ञानदेव कुमार ने बताया कि नवगछिया संघ ने न केवल बिहार राज्य को बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं, बल्कि खिलाड़ियों को सामाजिक दायित्वों का भी प्रशिक्षण दिया है। चाहे वह पल्स पोलियो अभियान हो, विश्व पर्यावरण दिवस, एड्स दिवस या नशा मुक्ति अभियान, संघ के खिलाड़ियों ने जागरूकता रैलियों के माध्यम से समाज को संदेश देने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि संघ के कई खिलाड़ी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नवगछिया और बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राहुल कुमार, अंकित कुमार शर्मा, राष्ट्रीय खिलाड़ी राकेश कुमार, राजीव कुमार, अभिनाश कुमार, और कई अन्य उभरते हुए सितारे जैसे सूरज कुमार, गुलशन कुमार, शिवम् कुमार, साक्षी कुमारी, प्रज्ञा भारती, अभिलाषा कुमारी, नंदनी मिश्रा, मौसम कुमारी आदि शामिल हुए।
































