दरियापुर में प्रेम प्रसंग के चलते 22 वर्षीय युवक ने लगाई फांसी, मौके पर ही मौत

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

जिले के सजौर थाना क्षेत्र अंतर्गत दरियापुर गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मायागंज निवासी वसंत हरि के पुत्र मुन्ना कुमार हरि के रूप में हुई है। वह दरियापुर निवासी अंकज साह के मकान में अपने छोटे भाई निहाल कुमार के साथ किराए पर रहता था।

घटना की सूचना बुधवार दोपहर मिली, जब मुन्ना को उसके कमरे में फंदे से लटकता देखा गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सजौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।

फोन पर बहस और फिर मौत

घटना के पहले मृतक मुन्ना अपनी गर्लफ्रेंड से फोन पर बात कर रहा था। दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस को व्हाट्सएप चैट भी मिले हैं, जिससे यह पुष्टि होती है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और किसी बात को लेकर तनाव चल रहा था।

परिजनों के अनुसार, मुन्ना की गर्लफ्रेंड बरारी थाना क्षेत्र के खंजरपुर निवासी शेखर हरि की बेटी रानी कुमारी थी, जो वर्तमान में दिल्ली में रहती है। दोनों एक साल से प्रेम संबंध में थे।

मां ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक की मां ने लड़की और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि लड़की लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी। जब मुन्ना इसके लिए तैयार नहीं हुआ, तो लड़की और उसके परिजनों ने धमकी देना शुरू कर दिया। यहां तक कि कुछ महीनों पहले वे मायागंज स्थित घर पर आकर गोली मारने की धमकी भी दे चुके थे।

इन्हीं कारणों से परिजनों ने मुन्ना को उसके ननिहाल दरियापुर में रहने भेज दिया था। उसके साथ छोटा भाई निहाल कुमार भी देखरेख के लिए साथ था। घटना वाली रात मुन्ना अकेला था, और इसी दौरान उसने यह कदम उठा लिया।

पुलिस कर रही जांच

सजौर थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल चैट्स की जांच के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन लड़की पक्ष की भूमिका की भी जांच की जा रही है।