न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिले के रजौन थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ गैस सिलेंडर में आग लगने से एक पिता और उसका पुत्र बुरी तरह झुलस गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब धर्मेंद्र कुमार गोस्वामी अपने घर पर खाना बना रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार जैसे ही गैस सिलेंडर चालू कर माचिस जलाई, सिलेंडर में आग लग गई। आग की लपटों ने उन्हें पूरी तरह घेर लिया। शोर सुनकर उनका बेटा सनी कुमार गोस्वामी उन्हें बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजनों ने बताया कि घटना के समय धर्मेंद्र की पत्नी किसी रिश्तेदार के यहां गई हुई थीं। हादसे की सूचना मिलते ही वे आनन-फानन में घर लौटीं और दोनों घायलों को तत्काल भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (मायागंज) पहुंचाया गया।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम की निगरानी में इलाज चल रहा है। झुलसे हिस्सों की गंभीरता को देखते हुए मरीजों को ICU में रखा गया है।
































