TMBU के गर्ल्स हॉस्टल में घुसा बाढ़ का पानी, छात्राएं पलायन को मजबूर, डीएम ने कहा- राहत की व्यवस्था की जाएगी

रविंद्र कुमार शर्मा, भागलपुर

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के गर्ल्स हॉस्टल में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ का पानी घुस आया है। इससे छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई छात्राएं हॉस्टल खाली कर अपने-अपने घरों को लौटने को मजबूर हो रही हैं।

छात्राओं का कहना है कि पानी के कारण न सिर्फ हॉस्टल में रहना मुश्किल हो गया है, बल्कि विश्वविद्यालय परिसर तक पहुंच पाना भी एक बड़ी चुनौती बन चुका है। आने-जाने में लगातार दिक्कतें हो रही हैं, जिससे उनका अध्ययन और दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गया है। इसको लेकर छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ-साथ जिला प्रशासन से भी मदद की गुहार लगाई है।

इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि आवश्यकता पड़ी तो राहत केंद्र और नाव की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में विश्वविद्यालय परिसर समेत पूरे क्षेत्र का व्यापक रूप से जायजा लिया जा रहा है।

डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ जल्द बैठक कर समाधान की दिशा में ठोस निर्णय लिए जाएंगे। इसके अलावा, परिसर में शरण लिए हुए आसपास के बाढ़ प्रभावित लोगों की भी समुचित व्यवस्था को लेकर प्रशासन सक्रिय है।

फिलहाल स्थिति गंभीर बनी हुई है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर राहत एवं बचाव के लिए तत्परता दिखाई जा रही है। अब देखने वाली बात यह होगी कि आपदा की इस घड़ी में विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन मिलकर छात्राओं व आमजन को कितनी जल्दी राहत पहुंचा पाते हैं।