न्यूज स्कैन ब्यूरो, कटिहार
नगर निगम की महापौर उषा देवी अग्रवाल ने बुधवार को दुर्गास्थान कांवरिया सेवा समिति द्वारा आयोजित 25वें सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम द्वारा किए जा रहे साफ-सफाई, सड़क मरम्मत और विधि व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
कटिहार शहर में सावन माह के अवसर पर शिवभक्त कांवरियों के आगमन को लेकर नगर निगम की तैयारियां जोरों पर हैं। बुधवार को महापौर उषा देवी अग्रवाल ने दुर्गास्थान कांवरिया सेवा समिति द्वारा आयोजित 25वें कांवरिया सेवा शिविर का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर निगम व बुडको के पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शहर में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख कांवरिया मार्गों की जल्दी मरम्मत, मिट्टी भराई और साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
महापौर ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा नगर निगम की प्राथमिकता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी दूर-दराज से आने वाले कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर निगम सजग है। उन्होंने दुर्गास्थान मंदिर परिसर में सेवा शिविर में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं की सेवा भावना और भक्ति ऊर्जा की सराहना की।