वकील के घर तीसरी बार चोरी करने पहुंचे थे चोर, शोर मचते ही फायरिंग की, अपने ही साथी को मारी गोली, मौके पर मौत

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

बिहार के कैमूर जिले से एक अजीबोगरीब और सनसनीखेज मामला सामने आया है। भगवानपुर थाना क्षेत्र के राधा खाड़ गांव में बीती रात वकील आदित्य सिंह के घर चोरी करने पहुंचे चोरों में से एक ने गलती से अपने ही साथी को गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बाकी चोर चोरी का सामान लेकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब सात की संख्या में चोर वकील आदित्य सिंह के घर चोरी के इरादे से पहुंचे थे। चोरों ने पहले घर का ताला तोड़ा और भीतर घुस गए। पड़ोसियों को जब घर में हलचल महसूस हुई तो उन्होंने तुरंत सूचना दी।

वकील आदित्य सिंह के भाई लोहा सिंह मौके पर पहुंचे तो देखा कि तीन चोर घर के बाहर पहरा दे रहे थे और बाकी अंदर चोरी कर रहे थे। जैसे ही शोर मचाया गया, चोरों ने भागते-भागते फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान गोली एक चोर को लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चोर चोरी का सामान लेकर भाग निकले। शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।


वकील और उनके भाई का बयान

वकील आदित्य सिंह ने बताया कि उनके और उनके भाई के घर में पिछले कुछ महीनों में यह तीसरी चोरी थी, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा, “बीती रात मेरे छोटे भाई ने जब शोर मचाया तो चोरों ने फायरिंग कर दी, जिसमें उनके साथी को ही गोली लग गई और उसकी मौत हो गई।”

वहीं लोहा सिंह ने बताया, “हमारे घर में पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है। पुलिस ने न तो किसी को गिरफ्तार किया और न ही जांच में गंभीरता दिखाई। अब तीसरी बार चोरी हुई तो हमने खुद जाकर चोरों को पकड़ने की कोशिश की, तभी फायरिंग हो गई।”


पुलिस का पक्ष

घटना पर कैमूर के डीएसपी उमेश कुमार ने बताया कि चोरों की संख्या कई थी और फायरिंग के दौरान एक चोर को गोली लगी है, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान की कोशिश की जा रही है और आगे की जांच जारी है।