20 करोड़ की धांधली में घिरे PRS छट्टू दास सेवा से बर्खास्त, मनरेगा की राशि से खरीदे कई प्लॉट और संपत्तियां

न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, भागलपुर

जगदीशपुर प्रखंड के बायपास पंचायत में तैनात पंचायत रोजगार सेवक (PRS) छट्टू दास पर मनरेगा योजनाओं में करोड़ों की गड़बड़ियों का आरोप सिद्ध हो गया है। मामले की विभागीय जांच पूरी होने के बाद उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई डीडीसी के स्तर से कई गई है।

क्या है मामला

पिछले दो वर्षों में बायपास पंचायत में मनरेगा योजनाओं में भारी वित्तीय अनियमितता की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान यह सामने आया कि छट्टू दास ने योजनाओं के क्रियान्वयन में भारी पैमाने पर गबन और फर्जीवाड़ा किया है।

सूत्रों के मुताबिक, छट्टू दास ने मनरेगा मद में दर्जनों योजनाएं कागज़ पर चलाकर फर्जी भुगतान कर डाला। बिना मस्टर रोल और बिना मजदूरी भुगतान के लाखों-करोड़ों रुपये निकाले गए।

20 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

जांच में यह भी सामने आया कि छट्टू दास ने अपने नाम, पत्नी और नाबालिग बेटों के नाम पर कई प्लॉट खरीदे।

बायपास इलाके में कीमती ज़मीनों की रजिस्ट्री कराई गई।

जांच में इन संपत्तियों की कुल कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक आँकी गई है।

कैसे हुआ खुलासा

DRDA (जिला ग्रामीण विकास अभिकरण) को मिली शिकायत के आधार पर जांच टीम गठित की गई। पंचायत स्तर से लेकर प्रखंड और जिला कार्यालय तक दस्तावेज़ों की छानबीन की गई। बैंक स्टेटमेंट, भुगतान रजिस्टर और संपत्ति विवरणों का मिलान किया गया।

प्रशासनिक कार्रवाई

PRS छट्टू दास को बर्खास्त कर दिया गया है। संबंधित खातों को सीज़ करने की प्रक्रिया शुरू। पत्नी और बेटों के नाम से की गई संपत्ति को अटैच करने की तैयारी।जालसाजी, सरकारी राशि की हेराफेरी और भ्रष्टाचार की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की अनुशंसा।

आरोपी का जवाब नहीं

जब न्यूज़ स्कैन की टीम ने आरोपी छट्टू दास से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया। उनके परिजनों ने भी मामले पर चुप्पी साध रखी है।

क्या कहते हैं अधिकारी

डीआरडीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया:
“जांच में यह साबित हो गया है कि छट्टू दास ने मनरेगा योजनाओं में गंभीर वित्तीय गड़बड़ी की है। कई फर्जी योजनाएं चलाई गईं, और ग़ैर-कानूनी तरीके से राशि निकाली गई। हमने बर्खास्तगी की प्रक्रिया पूरी कर ली है और जल्द ही FIR दर्ज करवाई जाएगी।”