- बांका के पंजवारा बाजार में उर्वरक दुकान पर बड़ी छापेमारी, हजार बोरी नकली खाद बरामद.
न्यूज स्कैन ब्यूरो, बांका
बांका में नकली खाद बेचने की सूचना पर मंगलवार को दिन में कृषि विभाग की टीम ने पंजवारा बाजार में बड़ी कार्रवाई की। जिला कृषि पदाधिकारी कृष्णकांत झा के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में खाद विक्रेता रामरुप भगत के दुकान और गोदाम से करीब हजार बोरी नकली खाद बरामद की गई।
अधिकारियों ने बताया कि मौके से खाद पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले पारस और इफको डीएपी के नये खाली बोरे, धान के बीज के बोरे, और बीज पैकिंग के बोरे भी बरामद किए गए। वहीं गोदाम में बिना किसी कंपनी की मुहर वाले काले रंग के दानेदार उर्वरक नुमा पदार्थ मिला, जिसे असली खाद के बोरे में भरकर बेचने की आशंका है।
बड़े पैमाने पर नकली खाद का कारोबार
जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि बरामद सामग्री से यह स्पष्ट है कि बड़े पैमाने पर नकली खाद और बीज की बिक्री की जा रही थी, जिससे किसानों को भारी नुकसान पहुंच रहा था। उन्होंने बताया कि विधिवत जब्ती सूची बनाकर पंजवारा थाना में केस दर्ज कराया जा रहा है।
इससे पहले सोमवार देर शाम सहायक रसायन सह उर्वरक निरीक्षक कृष्णकांत के नेतृत्व में टीम ने व्यवसायी के घर और गोदाम पर छापेमारी कर खाली बोरे और संदिग्ध उर्वरक बरामद किए थे। उस दौरान दुकानदार ने अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की करने की कोशिश भी की थी। रात होने के कारण बरामद सामानों को पुलिस सुरक्षा में रखा गया था।

































