राजस्व विभाग पहुंचेगा आपके द्वार: भागलपुर में 16 अगस्त से शुरू होगा ‘राजस्व महा-अभियान’

न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
भूमि संबंधी कागजात में सुधार के लिए बिहार सरकार का राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग अब घर-घर दस्तक देगा। भागलपुर जिले में 16 अगस्त से 20 सितंबर 2025 तक ‘राजस्व महा-अभियान’ चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य जनता को हल्का स्तर पर सुविधा देना और भू-अभिलेखों की त्रुटियों को त्वरित रूप से सुधारना है।

जिलाधिकारी ने किया अभियान का शुभारंभ, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

इस अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को समीक्षा भवन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अभियान तीन चरणों पूर्व तैयारी, वास्तविक क्रियान्वयन और अनुवर्ती गतिविधियों के तहत संचालित होगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जमाबंदी त्रुटि सुधार, उत्तराधिकारी नामांतरण, बंटवारा, छुटी हुई जमाबंदी का डिजिटलीकरण आदि कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से हों।

प्रशिक्षण के बाद शुरू होगा शिविरों का दौर

7 अगस्त तक सभी अंचल स्तर के राजस्व कर्मचारी और सर्वे अमीनों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

16 से 19 अगस्त तक रैयतों को ऑनलाइन जमाबंदी पंजी का प्रिंट और 3 प्रकार के प्रपत्र दिए जाएंगे।

20 अगस्त से हल्का स्तर पर शिविरों का आयोजन शुरू होगा, जहाँ राजस्व कर्मचारी प्रभारी होंगे और उनके साथ 10 सर्वे अमीन रहेंगे, जो मौके पर ही आवेदन अपलोड करेंगे।

आवेदन निष्पादन और फॉलोअप भी तय

एक सप्ताह के भीतर आवेदनों का निष्पादन अंचल स्तर पर किया जाएगा और फिर उसी स्थल पर दोबारा शिविर आयोजित किया जाएगा।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही खास

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता दिनेश राम, डीसीएलआर अपेक्षा मोदी, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी, कानूनगो, और बंदोबस्त अधिकारी समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।