श्रावणी मेला में कांवरियों की सुरक्षा के लिए अलर्ट मोड पर जल संसाधन विभाग- कटाव रोको, घाट बचाओ


न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
श्रावणी मेला 2025 के दौरान कांवरियों की सुरक्षा और संभावित बाढ़ से निपटने के लिए बिहार का जल संसाधन विभाग पूरी तरह सतर्क है। भागलपुर के सुलतानगंज प्रखंड स्थित सीढ़ी घाट, जहाज घाट और नमामी गंगे घाट पर कटाव रोकने और घाटों की सुरक्षा के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है।

गौरतलब है कि सुलतानगंज से ही कांवरियों की यात्रा की शुरुआत होती है, ऐसे में घाट की सुरक्षा किसी भी कीमत पर जरूरी मानी जा रही है। विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि सभी कार्य जिला प्रशासन के निर्देशन में वरीय पदाधिकारियों की निगरानी में किए जा रहे हैं ताकि किसी श्रद्धालु को असुविधा न हो।

सबौर में कटाव, तुरंत कंट्रोल

वहीं सबौर प्रखंड के चायचक गांव में गंगा किनारे पूर्व में कराए गए कटाव निरोधक कार्य का एक हिस्सा (करीब 20 मीटर लंबाई) क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कटाव नियंत्रण कार्य शुरू किया। विभाग के अनुसार, स्थिति अब नियंत्रण में है और आगे किसी नुकसान की आशंका नहीं है।