न्यूज स्कैन ब्यूरो, दरभंगा
दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) परिसर मंगलवार शाम उस वक्त अशांत हो गया जब बीएससी नर्सिंग हॉस्टल गेट के पास एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुपौल जिले के पितरा गांव निवासी 25 वर्षीय राहुल कुमार मंडल के रूप में हुई है।
क्या है मामला?
राहुल कुमार मंडल डीएमसीएच के नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग (सत्र 2023-27) का छात्र था। वह सहरसा के बनगांव निवासी प्रेमशंकर झा की बेटी तनु प्रिया से प्रेम विवाह कर चुका था, जो बीएससी नर्सिंग (सत्र 2024-28) की छात्रा है।
पुलिस के अनुसार, अंतरजातीय विवाह से नाराज पिता प्रेमशंकर झा ने मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे राहुल को हॉस्टल गेट के पास गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी की पिटाई, अस्पताल में तनाव
घटना के बाद भाग रहे आरोपी प्रेमशंकर झा को नर्सिंग छात्रों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। तनु प्रिया ने किसी तरह अपने पिता को छात्रों के कब्जे से छुड़ाकर इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करवाया।
लेकिन छात्रों ने अस्पताल में भारी विरोध शुरू कर दिया और कहा कि “हत्यारे का इलाज नहीं होने देंगे।” इस दौरान छात्रों ने इमरजेंसी को पूरी तरह बंद कर दिया और अस्पताल कर्मियों से भी झड़प हुई।
पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
हालात बिगड़ते देख पुलिस मौके पर पहुंची। जब छात्र नहीं माने तो पुलिस ने प्रेमशंकर झा को एक सुरक्षित कमरे में शिफ्ट कर दिया। इसके बाद भी छात्र उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
करीब आधे घंटे तक छात्रों और पुलिस के बीच तनाव बना रहा। उग्र छात्र पूरी तरह से इमरजेंसी सेवा ठप कर चुके थे। पुलिस ने स्थिति पर धीरे-धीरे काबू पाया।
स्थिति अब भी तनावपूर्ण
डीएमसीएच परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है। अस्पताल प्रशासन ने आपातकालीन सेवाओं को जल्द बहाल करने की कोशिशें शुरू कर दी हैं, लेकिन छात्रों का गुस्सा अब भी थमा नहीं है।

































