भागलपुर की 21 महिलाओं को भेजा गया पटना पशु प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान

भागलपुर। भागलपुर जिले की सामान्य श्रेणी की 21 महिला सदस्यों को दीप नारायण सिंह क्षेत्रीय सहकारी प्रबंधन संस्थान, शास्त्री नगर, पटना में आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु भेजा गया। यह प्रशिक्षण 4 अगस्त से 8 अगस्त तक गव्य प्रबंधन, मूल्यवर्धन, नस्ल पहचान, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन एवं पशु प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहेगा।

यह प्रशिक्षण गव्य विकास निदेशालय, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, बिहार सरकार द्वारा नि:शुल्क प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को दुग्ध उत्पादन से संबंधित आधुनिक तकनीकों और पशुपालन के उन्नत तरीकों से अवगत कराना है, जिससे वे अपने स्वरोजगार को सशक्त बना सकें।

प्रशिक्षण के लिए चयनित प्रतिभागियों को 3 अगस्त को संस्थान के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर राजेश कुमार, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, बांका (प्रभारी – भागलपुर) ने बताया कि प्रशिक्षण के उपरांत महिलाएं पशुपालन के क्षेत्र में दक्षता प्राप्त कर स्वयं का व्यवसाय सशक्त रूप से संचालित कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों को विभागीय योजनाओं में प्राथमिकता भी प्रदान की जाती है।

उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुपालन एक मजबूत आधार है, और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से यह क्षेत्र और अधिक समृद्ध हो सकता है। इस प्रशिक्षण से महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।