- हत्या के प्रयास एवं रंगदारी के मामले में था फरार
न्यूज स्कैन ब्यूरो, कटिहार
मनिहारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली जब न्यायालय के आदेश के आलोक में मोस्ट वांटेड अपराधी अमरजीत महतो के झारखंड स्थित आवास पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। अमरजीत महतो मनिहारी थाना कांड संख्या 49/20 में हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत नामजद अभियुक्त है, जो पिछले पाँच वर्षों से फरार चल रहा था।
इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विनोद कुमार ने बताया कि कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के लिए मनिहारी पुलिस ने झारखंड के साहिबगंज जिला अंतर्गत कारगिल टोला, लाल बथानी स्थित उसके घर पर छापेमारी की। इस दौरान स्थानीय थाना की पुलिस का भी सहयोग लिया गया। कार्रवाई के क्रम में पुलिस ने घर में मौजूद कई सामानों को जब्त किया।एसडीपीओ ने बताया कि यह कार्रवाई सहायक अवर निरीक्षक राजकुमार के नेतृत्व में सशस्त्र पुलिस बल की मौजूदगी में की गई, जिन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सराहनीय भूमिका निभाई।



























