ललमटिया में ब्राउन शुगर का धंधा कर रहे 3 तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशे की सामग्री बरामद

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

ललमटिया थाना क्षेत्र से नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पासीटोला मोहल्ले में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 31.92 ग्राम ब्राउन शुगर, 02 डिजिटल तराजू, 01 बंडल एल्युमिनियम फॉयल, 06 मोबाइल फोन और ₹2900 नगद बरामद किया है। साथ ही तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।

अभियुक्तों की पहचान

  1. विकास कुमार उर्फ अप्पु, पिता प्रमोद चौधरी
  2. सागर कुमार, पिता स्व. मुबारक चौधरी
  3. प्रमोद चौधरी, पिता स्व. रामदेव चौधरी
    (तीनों अभियुक्त पासीटोला, थाना ललमटिया के निवासी हैं)

गिरफ्तारी का विवरण

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विकास कुमार उर्फ अप्पु अपने घर से ब्राउन शुगर का अवैध धंधा करता है, और वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इस काम में संलिप्त है। सूचना की पुष्टि के बाद नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नगर-02 पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसने पासीटोला स्थित घर पर छापेमारी की।

बरामद सामग्री

31.92 ग्राम ब्राउन शुगर

02 डिजिटल तराजू

01 बंडल एल्युमिनियम फॉयल

06 मोबाइल

₹2900 नगद

अपराधिक पृष्ठभूमि भी आई सामने

प्रमोद चौधरी पहले से ही ललमटिया थाना कांड सं. 454/21 (उत्पाद अधिनियम) में आरोपी है।

विकास कुमार उर्फ अप्पु पर ललमटिया थाना कांड सं. 289/22 के तहत चोरी/छिनतई (धारा 457/380 भादवि) में मामला दर्ज है।

विकास कुमार और सागर कुमार दोनों पर थाना कांड सं. 736/23, धारा 457/380 भादवि के तहत भी मामला दर्ज है।