डांस करते पकड़ा गया हथियारबंद युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

  • मनिहारी में देशी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस को बड़ी सफलता
  • गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई, आरोपी न्यायिक हिरासत में

न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, कटिहार

कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र में पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब एक युवक को देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध विशेष छापामारी अभियान के तहत की गई।

मनिहारी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आजमपुर गोला से कुटीघाट जाने वाली सड़क पर कुछ युवक हथियार के साथ डांस कर रहे हैं। सूचना मिलते ही अपर थाना अध्यक्ष राजकुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम बनाई गई।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचते ही घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस बल ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक देशी कट्टा बरामद किया गया।

गिरफ्तार युवक की पहचान सोनू कुमार (24 वर्ष), पिता बौकू मंडल, निवासी राजापाकर, बरारी थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

इस संबंध में मनिहारी थाना कांड संख्या 198/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी को सुसंगत धाराओं में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस अभियान में पुअनि राम बहादुर शर्मा, पुअनि सद्दाम हुसैन, पुअनि राजवीर कुमार साहु, प्र-पुअनि अमित कुमार राय, सत्यम कुमार सिंह, तथा शस्त्र बल के जवान शामिल थे।