नवोदय विद्यालय नारायणपुर में दो छात्राएं अचानक बीमार, दोनों को भागलपुर रेफर किया गया

रविंद्र कुमार शर्मा, भागलपुर

पुलिस जिला नवगछिया के नारायणपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब विद्यालय में पढ़ने वाली दो छात्राएं अचानक बीमार पड़ गईं। दोनों को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में दोनों छात्रा को भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना पर छात्रा के परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो चिंता का माहौल बना रहा। परिजन ने कहा कि “हमें समझ में नहीं आ रहा है कि ये सब कैसे हो गया। स्कूल से अचानक फोन आया कि बच्ची की तबीयत खराब है। हम लोग बहुत परेशान हैं।”

बीमार छात्राओं के साथ आए विद्यालय के शिक्षकों ने मीडिया के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। उनके द्वारा घटना के कारण या छात्राओं की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे स्थिति और अधिक रहस्यमय हो गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे आवासीय विद्यालयों में बच्चों की सेहत और देखभाल को लेकर पूरी सतर्कता बरती जानी चाहिए। अचानक दो बच्चों का एक साथ बीमार पड़ना चिंता का विषय है और इसकी जांच होनी चाहिए।

फिलहाल अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एक छात्रा की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिसका इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में जारी है, जबकि दूसरी छात्रा की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन या विद्यालय प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।