आशा और ममता कार्यकर्ताओं को नीतीश सरकार का तोहफा, प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी

  • स्वास्थ्य सेवाओं में सक्रिय महिलाओं को मिली बड़ी राहत, भागलपुर में खुशी की लहर

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

बिहार सरकार ने राज्यभर में स्वास्थ्य सेवाओं की डोर थामे आशा और ममता कार्यकर्ताओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को एक अहम निर्णय लेते हुए इन दोनों वर्गों की प्रोत्साहन राशि में भारी वृद्धि की घोषणा की। इससे लाखों महिला स्वास्थ्यकर्मियों को प्रत्यक्ष रूप से आर्थिक लाभ मिलेगा और उनकी सामाजिक-व्यावसायिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।

अब तक ममता कार्यकर्ताओं को हर माह ₹300 की प्रोत्साहन राशि मिलती थी, जिसे अब दोगुना करके ₹600 कर दिया गया है। वहीं आशा कार्यकर्ताओं की राशि में तीन गुना बढ़ोतरी की गई है। पहले उन्हें ₹1000 मिलते थे, जिसे बढ़ाकर ₹3000 प्रति माह कर दिया गया है।

भागलपुर सदर अस्पताल में कार्यरत आशा और ममता कार्यकर्ताओं ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। अस्पताल परिसर में इस खबर के बाद जश्न जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने इसे “देरी से मिला, लेकिन सार्थक इनाम” बताया। कुछ ने इसे नाकाफी कहा।