न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
बिहार सरकार का जल संसाधन विभाग नवगछिया प्रमंडल क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सक्रिय और सतर्क है। विभाग द्वारा संवेदनशील स्थलों पर निरंतर निगरानी और त्वरित कार्रवाई के जरिए किसी भी आपात स्थिति से निपटने की हरसंभव कोशिश की जा रही है।
प्रेस विज्ञप्ति संख्या-02 के अनुसार, भागलपुर जिला अंतर्गत गोपालपुर प्रखंड में स्थित ब्रह्मोतर बांध की सुरक्षा के लिए जिला आपदा शाखा एवं वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार सभी जरूरी कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। स्थल को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया गया है।
इसी तरह खरीक प्रखंड में गंगा नदी के बाएं किनारे अवस्थित काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध के मजबूतीकरण कार्य भी पूर्ण कर लिए गए हैं और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
स्पर-09 में 60 मीटर कटाव, युद्धस्तर पर बचाव कार्य
सबसे गंभीर स्थिति गोपालपुर के ईसमाईलपुर-बिन्द टोली तटबंध के अंतिम छोर पर स्थित स्पर संख्या-09 पर बनी हुई है, जहाँ नदी के तेज दबाव और अंडर माइनिंग के कारण डाउनस्ट्रीम सैंक की ओर से करीब 60 मीटर स्पर डूब गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ संघर्षात्मक बल के अध्यक्ष, भागलपुर के अधीक्षण अभियंता, कटिहार के मुख्य अभियंता सहित अन्य उच्चाधिकारियों की निगरानी में तात्कालिक और प्रभावी बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
वर्तमान में स्थल पर बचाव कार्य प्रगति पर है और कटाव को रोकने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास जारी हैं।
अन्य स्थलों पर भी मुस्तैद है विभाग
विभाग ने बताया कि अन्य संभावित बाढ़ प्रभावित स्थलों पर भी निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता अनुसार तत्काल कार्य कराए जा रहे हैं ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
































